जसपाल राणा शूटिंग रेंज पहुँचे द ग्रेट खली, राणा परिवार को दी श्रद्धांजलि
देहरादून। देश के प्रसिद्ध पहलवान और विश्वविख्यात रेसलर दिलीप सिंह राणा (द ग्रेट खली) ने आज शनिवार को जसपाल राणा शूटिंग रेंज पहुँचकर पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा और पैरालंपिक कोच सुभाष राणा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय जसपाल राणा और उनकी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा राणा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
द ग्रेट खली ने कहा कि “जसपाल राणा जैसे व्यक्तित्व कभी भुलाए नहीं जा सकते।” उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जसपाल राणा केवल एक नाम नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा थे। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि किसी को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उनके आदर्श, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। खली ने राणा परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़े रहने का भरोसा जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर युधिष्ठिर सालवान, मोहित सैनी, कुलदीप राणा, बलवान सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।