Swatantra Mimansa

National News Portal

उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने न्यू कैंट रोड के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं- गणेश जोशी

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए शनिवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के न्यू कैंट रोड पर निर्माणाधीन नाली एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और अन्य समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क और नाली निर्माण कार्य पूरे होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का भी समाधान होगा। सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयास कर रही है।