Swatantra Mimansa

National News Portal

उत्तराखंड

एसजीआरआर पब्लिक स्कूल सहसपुर में दी गई शहीद स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह को श्रद्धांजलि

देहरादून। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह के असम में हुए विमान हादसे में शहीद होने पर शोक सभा आयोजित की गई।

विद्यालय परिवार ने शहीद प्रशांत सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रधानाचार्या शाहना रहमान सहित शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रधानाचार्या शाहना रहमान ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह विद्यालय के गौरव थे। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उन्होंने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

एसजीआरआर विद्यालय परिवार ने शहीद प्रशांत सिंह के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। विद्यालय परिवार ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।