Swatantra Mimansa

National News Portal

मनोरंजन

‘हॉन्टेड 3डी- इकोज ऑफ द पास्ट’ ने वीकेंड पर दिखाई रफ्तार, तीन दिनों में कमाए इतने करोड़ रुपये

हॉरर फिल्मों के शौकीनों के बीच चर्चा बटोर रही ‘हॉन्टेड 3डी- इकोज ऑफ द पास्ट’ बॉक्स ऑफिस पर धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत करती नजर आ रही है। 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में संतोषजनक कारोबार किया है। बड़े सितारों की फिल्मों से मुकाबले के बावजूद फिल्म दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफल रही है।

रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ खाता खोला था। दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शन में बढ़ोतरी देखने को मिली और फिल्म ने 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, रविवार को भी फिल्म ने अपनी रफ्तार बनाए रखते हुए 3.60 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 9.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक सुनसान इलाके में स्थित पुरानी हवेली में रहने पहुंचता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन जल्द ही उसके सामने रहस्यमयी और डरावनी घटनाएं घटने लगती हैं। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, हवेली से जुड़े कई चौंकाने वाले रहस्य सामने आते हैं, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं।

फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती, चेतना पांडे, मनवीर चौधरी और श्रुति प्रकाश प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसका निर्देशन विक्रम भट्ट और मनीष पी. चव्हाण ने किया है। फिल्म की खासियत इसके विजुअल इफेक्ट्स और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल है, जिसमें वीएफएक्स और एआई आधारित इफेक्ट्स के जरिए डर और रोमांच का माहौल तैयार करने की कोशिश की गई है।

हॉरर जॉनर के दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रुझान को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में फिल्म के कलेक्शन में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

(साभार)